उज्जैन। भारतीय परम्परा- पर्व में मन से मन को जोड़ने की अद्भुत शक्ति है। हिंदुस्तान की प्राचीन संस्कृति पर्व वैज्ञानिक आधार से जुड़े हैं। भारतीय संस्कृति में विश्व का मार्गदर्शन करने की विशिष्ट क्षमता है। उक्त प्रभावी विचार शिवाजी पार्क शरद उत्सव मिलन समारोह में वेद मर्मज्ञ, वेदाचार्य और औदीच्य समाज के गौरव पं. राजेंद्र व्यास ने व्यक्त किए। इस अवसर पर शिवाजी पार्क समिति की ओर से समिति अध्यक्ष श्री अरुण भूतड़ा, सचिव राजेश बागरोल और संरक्षक श्री ओम बाहेती ने किया वरिष्ठ आर्य समाजी, कवि, साहित्यकार, शिक्षाविद पं. राजेंद्र व्यास जी का शाल, श्रीफल और अभिनंदन पत्र भेंट कर आत्मीय सत्कार किया।  समारोह में पर्वतारोहण में विशेष उपलब्धि पर युवा उद्योगपति श्री अनुराग सोमानी को अभिनंदित किया गया। श्रीमती चंद्रकान्ता नारंग ने कवयित्री श्रीमती संगीता तल्लेरा, श्रीमती दीपाली सोमानी, श्रीमती वीणा सोमानी का नारी शक्ति सम्मान किया। प्रो. ब्रजेश पारे ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया। संचालन श्रीमती अर्चना अरुण भूतड़ा ने किया।  महिला इकाई द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं गरबे प्रस्तुत किए गए। समिति के वरिष्ठ पार्षद राजेंद्र कुवाल, प्रदीप दास, नितिन गोस्वामी, सुरेश बाहेती, सत्येंद्र श्रीवास्तव, दीपक जयसिंघानी, शैलेंद्र व्यास ‘स्वामी मुस्कुराके’, राजेंद्र रघुवंशी, राकेश शर्मा  विशेष रूप से उपस्थित थे।