धार। श्री सहस्त्र औदीच्य ब्राह्मण समाज, धार के तत्वावधान में स्थानीय श्री गोविंद माधव मांगलिक भवन में रंगारंग फूल फाग उत्सव मनाया गया। अयोध्या में रामजी खेले रे होली .., होली खेले रघुवीरा, आज बिरज में होली रे रसिया जैसे पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति तथा दो क्विंटल फूलों के साथ लगभग तीन घंटे तक चला फाग उत्सव का आयोजन। नगर के खेड़ापति हनुमान मंदिर के भजन गायक हर्षित मिश्रा और उनकी टीम ने सुमधुर भजनों तथा फाग गीतों से ऐसा समां बांधा कि कार्यक्रम में उपस्थित महिला और पुरुष हर प्रस्तुति पर नृत्य करते नजर आए। वहीं समाज के बालक-बालिकाएं भी फाग गीतों पर थिरकने से खुद को रोक नहीं पाए। आरंभ में औदीच्य महिला मंडल की ओर से श्रीमती सोनल शर्मा, श्रीमती देवश्री द्विवेदी, श्रीमती रेखा जोशी, श्रीमती चेतना पंड्या, श्रीमती स्वाति जोशी, सुश्री जागृति शर्मा ने भगवान राधा-कृष्ण का पूजन किया और माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात समाज अध्यक्ष सर्वश्री प्रमोद शर्मा, उपाध्यक्ष प्रेम रावल, मनोज शर्मा, विश्वास जोशी, सुरेश द्विवेदी, सचिव संजय रावल, राजेश जोशी, जितेन्द्र रावल, ओपी व्यास, प्रशांत रावल, दीपक शर्मा, विजय दवे, जितेन्द्र पंड्या एवं नवीन पंड्या ने फूलमाला तथा केशरिया दुपट्टों से गायक कलाकारों का स्वागत किया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सत्यनारायण जी रावल, सुरेश शर्मा, गोपाल रावल, किरण पंड्या, श्रीमती लक्ष्मी द्विवेदी, श्रीमती विनीता रावल, श्रीमती सुरेखा जोशी, श्रीमती विमला पंड्या, सांसद प्रतिनिधि विकास शर्मा, भाजपा नेता देवेन्द्र रावल , मांगलिक भवन व्यवस्था प्रमुख संजय भट्ट एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। फाग उत्सव के बाद भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया। भोजन प्रसादी पं. सुरेश द्विवेदी के मार्गदर्शन में तैयार की गई। अंत में अध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने सुंदर आयोजन के लिए समाज कार्यकारिणी, नवयुवक मंडल, महिला मंडल तथा उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त किया। यह जानकारी डॉ. श्रीकांत द्विवेदी ने दी।